खाकी को मिली सफलता, 20 घंटे में किया मनासा में हुई वारदात का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के दो महिला सहित एक आरोपी चढ़ा हत्थे

नीमच। मनासा के सदर बाजार स्थित सराफा व्यापारी कैलाशचंद्र सोनी की दुकान से चोरी गए 5.50 लाख मूल्य के 58 ग्राम सोने के आभूषणों को नीमच पुलिस ने महज 20 घंटे में बरामद कर लिया। पुलिस ने अंतरराज्यीय ठग गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक कुख्यात अपराधी विनोद बावरी भी शामिल है, जो हाल ही में निम्बाहेड़ा जेल से रिहा हुआ था।

घटना का विवरण-
दिनांक 08 जुलाई को एक पुरुष व दो महिलाएं लाल रंग की हीरो पेंशन प्रो बाइक से कैलाशचंद्र सोनी (उम्र 74) की दुकान पर पहुंचे। इन्होंने नकली सोने की अंगूठी देकर असली गहनों (झुमकी, पैंडल, अंगूठी आदि) से भरी डिब्बी धोखाधड़ी से लेकर फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक अंकित जयसवाल के निर्देश पर अतिरिक्त एसपी नवल सिंह सिसौदिया व एसडीओपी सादेरा अंसारी के मार्गदर्शन में तीन टीमों का गठन कर 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। ऑपरेशन नीमच आई के तहत आरोपीगण की पहचान की गई और उनकी गतिविधियों को सीमावर्ती राज्यों से साझा किया गया।

गिरफ्तार आरोपी-
- विनोद बावरी पिता पदम सिंह (धामनिया, छोटीसादड़ी)
- श्यामा बाई पत्नी पदम सिंह (धामनिया, हाल-नयागांव)
- मीरा बाई पत्नी विनोद बावरी (धामनिया) पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक और सभी 22 नग सोने के आभूषण (झुमकी, पैंडल, अंगूठी, रामनवमी आदि) बरामद कर लिए हैं। आरोपी मध्यप्रदेश व राजस्थान में पूर्व से भी कई आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं। पुलिस की तत्परता व सीसीटीवी से अपराधियों की धरपकड़ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।